पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी “कोफर धार नगाह” क्षेत्र में अवैध रूप से भांग की खेती पाई मामला दर्ज

शिमला:-शिमला पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चोपाल उपमंडल के अंतर्गत कोफरधार (नगाह) क्षेत्र में बड़े पैमाने पर की जा रही अवैध भांग की खेती का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस थाना नेरवा की टीम गश्त के दौरान कोफरधार (नगाह) क्षेत्र में पहुँची, जहाँ लगभग 10 बीघा भूमि पर अवैध रूप से भांग की खेती पाई गई। मौके पर राजस्व एवं वन विभाग के अधिकारियों को बुलाकर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई गई। प्रारंभिक निरीक्षण में लगभग 10 बीघा क्षेत्र में भांग की अवैध खेती होना पाया गया। जाँच के दौरान एक बिस्वा भूमि में लगभग 5,000 भांग के पौधे पाए गए। इस आधार पर पूरे क्षेत्र में लगभग 10 लाख (1,000,000) भांग के पौधों की अवैध खेती का अनुमान लगाया गया। नियमानुसार विभिन्न स्थानों से 40 भांग के पौधों के नमूने कब्जे में लिए गए हैं। शेष अवैध भांग की फसल को आवश्यक कानूनी औपचारिकताएँ पूर्ण होने के उपरांत नियमानुसार नष्ट किया गया। इस संबंध में अभियोग संख्या 34/2026, अधीन धारा 20, 61 एवं 85 एनडीपीएस अधिनियम, पुलिस थाना नेरवा में अज्ञात व्यक्ति/व्यक्तियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। मामले की जाँच जारी है तथा अवैध भांग की खेती करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Check Also

चौपाल के गोरली मड़ावग जिला परिषद वार्ड से वीएन शर्मा लड़ेंगे चुनाव!