विकास योजनाओं के लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें अधिकारी – अनिरुद्ध सिंह

शिमला:5अक्टूबर2026:जिला योजना विकास एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम समीक्षा समिति की बैठक आज बचत भवन, शिमला में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2024-25 तथा 2025-26 के दौरान जिला में विभिन्न ग्रामीण विकास योजनाओं, 20 सूत्रीय कार्यक्रमों तथा विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में विभागवार निर्धारित लक्ष्यों, उपलब्धियों, बजट के उपयोग, लंबित कार्यों तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर चर्चा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने तथा योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
*मनरेगा में 21.58 लाख मानव-दिवस रोजगार सृजित*
बैठक में बताया गया कि मनरेगा के तहत 21.58 लाख मानव-दिवस रोजगार सृजित किए गए हैं तथा 15,588 परिवारों को जॉब कार्ड जारी किए गए हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत 714 नए/पुनर्जीवित स्वयं सहायता समूह गठित किए गए। इनमें 399 समूहों को रिवॉल्विंग फंड तथा 285 समूहों को सामुदायिक निवेश निधि उपलब्ध करवाई गई।
ग्रामीण स्वच्छता कार्यक्रम के तहत 801 के लक्ष्य के मुकाबले 344 व्यक्तिगत घरेलू शौचालयों का निर्माण किया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वर्ष 2024-25 में 2,675 आवास स्वीकृत किए गए, जिनमें से 2,643 लाभार्थियों को प्रथम किश्त जारी की जा चुकी है। वर्ष 2025-26 में अब तक 518 आवास स्वीकृत किए गए हैं।
उपायुक्त ने अधिकारियों को नियमित निगरानी के दिए निर्देश*
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि समिति का उद्देश्य जिला में विकास कार्यों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूरा करना, योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की नियमित निगरानी करने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
*यह भी रहे उपस्थित*बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कानून एवं व्यवस्था पंकज शर्मा, अतिरिक्त आयुक्त नगर निगम शिमला भुवन शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी यशपाल रांटा, जिला योजना अधिकारी निवेदिता, जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियंत्रक नरेंद्र धीमान, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास ममता पॉल, जीएम डीआईसी संजय कंवर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग चौपाल शक्ति नेगी, जिला राजस्व अधिकारी शिवानी भारद्वाज, जिला विकास अधिकारी विवेक पॉल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

 

Check Also

सीडीपीओ हर महीने करेंगे सुखाश्रय योजना के तहत बनने वाले निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण

जब तक आवास कार्य समाप्त नहीं होता हर तीन महीने बाद रिपोर्ट मौके पर जाकर …