कमलशर्मा
शिमला:-शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज रोहड़ू उपमंडल के नावर क्षेत्र में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं निरीक्षण किया।इस दौरान उन्होंने दोगडा खड्ड से गढ़ाडी ग्राम पंचायत
पुजारली-4 तक निर्मित उठाऊ सिंचाई योजना का शुभारंभ किया। लगभग 89 लाख रुपये की लागत से तैयार इस योजना से ग्राम पंचायत पुजारली-4 और करासा पंचायत के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।उन्होंने कहा कि इस परियोजना से दो विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे कृषि और बागवानी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा फसल उत्पादन में सुधार होगा।शिक्षा मंत्री ने कहा कि बागवानी के समग्र विकास के लिए सुदृढ़ सड़क नेटवर्क आवश्यक है। इसी दिशा में कार्य करते हुए क्षेत्र में सड़क अवसंरचना को मजबूत किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत क्षेत्र को पर्याप्त बजट प्राप्त हुआ है, वहीं पीडीएनए के अंतर्गत भी वित्तीय सहायता प्रदान की गई है।विधायक रोहड़ू मोहन लाल ब्राक्टा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश में चुनौतीपूर्ण वित्तीय परिस्थितियों के बावजूद विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि आमजन को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने सामुदायिक भवन के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।*
देवरीघाट-दरोटी उठाऊ पेयजल योजना का लोकार्पण*
शिक्षा मंत्री ने जल शक्ति मिशन के तहत प्रथम चरण में देवरीघाट-दरोटी उठाऊ पेयजल योजना का लोकार्पण किया। लगभग 1 करोड़ 82 लाख रुपये की लागत से पूर्ण इस योजना से ग्राम पंचायत टिक्कर सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि बागवानों के हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा यूनिवर्सल कार्टन योजना लागू की गई है, जिससे सेब उत्पादकों को लाभ मिल रहा है। इसके अलावा, एमआईएस योजना के तहत किसानों को 160 करोड़ रुपये वितरित किए गए हैं, जिनमें 90 करोड़ रुपये पूर्व सरकार की देनदारी के रूप में शामिल थे।
*निर्माणाधीन खारला स्कूल भवन का निरीक्षण*
शिक्षा मंत्री ने राजकीय उच्च विद्यालय खारला के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण भी किया। लगभग 3 करोड़ 33 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन का टेंडर आवंटित किया जा चुका है और कार्य प्रगति पर है।
इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि इस विद्यालय से कई प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन नवोदय और सैनिक स्कूलों में हुआ है, जो क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रथम चरण में लगभग 160 स्कूलों को सीबीएसई पाठ्यक्रम से जोड़ा गया है। साथ ही, पहली कक्षा से अंग्रेजी शिक्षा आरंभ की गई है और सरकारी विद्यालयों में स्मार्ट ड्रेस लागू की गई है, ताकि सरकारी और निजी स्कूलों के बीच की दूरी कम हो सके।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। शिक्षा मंत्री ने उनके उत्साहवर्धन के लिए 15 हजार रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है और इस प्रकार की गतिविधियां इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं ।
*यह रहे उपस्थित*
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा, निवर्तमान बीडीसी सदस्य ज्ञानवती, एसडीएम रोहड़ू धर्मेश रामौत्रा, डीएसपी रोहड़ू प्रणव चौहान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
CNB News4 Himachal Online News Portal


